लोजपा अपने दम पर लडे़गी निकाय, पंचायत, विधानसभा चुनाव : मणिशक्कर

फतेहपुर।


लोकजन शक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं आश्वासन समिति के पूर्व सभापति मणिशंकर पाण्डेय ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम विलास पासवान व संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देशन में पार्टी को प्रदेश में मजबूत किया जाना है। इसके लिए वर्ष 2020 तक प्रदेश में लगभग छह लाख सदस्य बनाये जायेंगे। उन्होने कहा कि प्रदेश में होने वाले पंचायत, निकाय व विधानसभा चुनावों में पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। जनपद सीमा असनी पुल पर प्रदेश महासचिव अशरफ खान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। 
शहर के आबूनगर स्थित हथकरघा बुंदेलखण्ड चलचित्र के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशन में प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके बाद सहानपुर व बिजनौर जनपद में भी उनका दौरा होगा। उन्होने कहा कि वर्ष 2020 तक प्रदेश में छह लाख सदस्य बनाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर पिछले वर्ष के नवम्बर माह से काम भी शुरू हो गया है। अब तक एक लाख सदस्य बनाये जा चुके हैं। उन्होने कहा कि प्रदेश में होने वाले नगरीय, पंचायत व विधानसभा चुनावों की पार्टी तैयारी कर रही हैं। सभी चुनाव अपने दम पर पार्टी लड़ेगी। एनडीए गठबंधन पर कहा कि शीर्ष नेतृत्व द्वारा इन चुनाव में गठबंधन तय किया जायेगा या फिर पार्टी स्वतंत्र चुनाव लड़ेगी। लोजपा एनडीए के लिए विपक्ष नहीं बल्कि सहयोगी बनकर मजबूती देने का काम कर रही है। समाजवादी पार्टी द्वारा संगठन की इकाईयों को भंग करने के सवाल पर कहा कि सपा में संगठन बचा ही कहां हैं। उन्होने छोटे-छोटे दलों को बरसाती मेढ़क बताते हुए कहा कि लोजपा लम्बे समय से राष्ट्रीय पार्टियों के साथ काम कर रही है। उसकी सोंच राष्ट्र निर्माण व राष्ट्रीय स्तर की है। उन्होने कहा कि प्रदेश की लगभग सौ विधानसभा की ऐसी सीटे हैं जिन्हें बिना लोजपा के सहयोग से जीतना मुश्किल है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पर कहा कि प्रियंका को कांग्रेस ने देर से जिम्मेदारी दी है। आरएसएस चीफ मोहन भागवत के आरक्षण पर दिये बयान का बचाव करते हुए कहा कि आरक्षण पर बहस का अब कोई विषय नहीं रहा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष निहाल अहमद सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।


 


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

बांसडीह में जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर दर्जनों लोगों ने एसडीएम को सौपा ज्ञापन