रक्षाबन्धन पर महिलाएं कर सकेंगी निःशुल्क बस यात्रा

13 से 18 अगस्त तक चलेंगी अतिरिक्त बसें


लखनऊ।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार ने विगत 02 वर्षों की भांति इस वर्ष भी रक्षाबन्धन के पर्व पर 15 अगस्त को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की समस्त श्रेणी की बसों में महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 14 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे से 15 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे के बीच (24 घण्टे के लिए) निगम की सभी श्रेणी की बसों में महिला यात्रियों द्वारा यात्रा किए जाने पर उनको निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस सम्बन्ध में परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्रदेव सिंह ने बसों की विशेष व्यवस्था के लिए परिवहन निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं। अच्छी दशा की साफ-सुथरी बसें मार्गों पर यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप समय पर उपलब्ध कराई जाएं। इस अवधि में परिवहन निगम के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहते हुए यात्रियों को आवश्यकता के अनुरूप गंतव्य स्थानों के लिए पर्याप्त बस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तत्पर रहेंगे।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि रक्षाबन्धन पर परिवहन निगम द्वारा प्रदेश के समस्त मार्गों पर यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के दृष्टिगत 13 से 18 अगस्त तक अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। इस अवधि में दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी आदि प्रमुख नगरों से प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।


 


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

अपनी दाढ़ी का रखें ख्याल, दिखेंगे बेहद हैंडसम