विकास पर योगी का बल

डॉ दिलीप अग्निहोत्री
संसदीय व्यवस्था के अनुसार प्रदेश में निर्वाचित सरकार के संवैधानिक मुखिया राज्यपाल होते है। इस संवैधानिक उत्तरदायित्त्व के अनुरूप उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने मंत्रिमंडल के सदस्यों से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पिछले लगभग ढाई वर्षों से बेहतरीन कार्य कर रही है। राज्य प्रगति के पथ पर तेजी से अग्रसर है। इतने कम समय में प्रदेश में बड़े पैमाने पर विकास योजनाओं को लागू किया गया है एवं जनहितकारी कार्य किए गए हैं, जिनका लाभ प्रदेश की जनता को मिला है। प्रदेश की जनता को गुड गवर्नेन्स देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व की प्रशंसा की। आशा व्यक्त की कि उत्तर प्रदेश शीघ्र ही देश का अग्रणी राज्य होगा। इस अवसर पर कॉफी टेबल बुक 'मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहरः प्रयागराज कुम्भ दो हजार उन्नीस का विमोचन किया गया। यह पुस्तक राज्य के सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित की गई है। आयोजन के दौरान उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा पर केन्द्रित एक फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के क्रियाकलापों का उल्लेख किया। उत्तर प्रदेश के प्रति लोगों का नजरिया बदल गया है। प्रभावी कानून व्यवस्था के कारण अब निवेशक इस प्रदेश में निवेश के इच्छुक हैं। उत्तर प्रदेश को भारत सरकार विस्तृत भूमि प्रबन्धन प्रणाली के लिए वर्ष इस वर्ष का राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस स्वर्ण पुरस्कार प्रदान किया गया है। विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया गया। वंचित वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है और उनका जीवन बेहतर हो रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी द्वारा पारित आदेशों की अवहेलना करने का चलन आम हो गया था, परन्तु वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू किया। अवैध बूचड़खाने बन्द किए गए। महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। सत्ता में आने के उपरान्त राज्य सरकार द्वारा एण्टी रोमियो स्क्वायड का गठन कर बालिकाओं, महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने की पहल की गई। पिछली सरकार में किसान उपेक्षित थे। सत्ता में आने के उपरान्त राज्य सरकार ने छियासी लाख लघु एवं सीमान्त किसानों के फसली ऋण माफ किए। इस योजना का लाभ लक्षित लाभार्थी को ही मिले, इसके लिए तकनीक का प्रयोग किया गया। कैम्प लगाकर फसली ऋण माफ करने के लिए कार्य किया गया। तिहत्तर हजार करोड़ रुपए के गन्ना बकाए का भुगतान किया जा चुका है। बन्द पड़ी कई चीनी मिलों को पुन चालू करवाया गया है। वर्तमान में पूरे प्रदेश में एक सौ इक्कीस चीनी मिलें संचालित हैं। केन्द्र सरकार द्वारा आवश्यकतानुसार चीनी का उत्पादन के उपरान्त गन्ने के जूस से एथेनॉल बनाने की अनुमति प्राप्त हो गयी है। गन्ने के जूस से एथनॉल बनाने की अनुमति से गन्ना किसानों को बड़ा लाभ होगा। कृषकों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक मूल्य दिया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष गेहूं एवं धान खरीद का नया रिकॉर्ड स्थापित हो रहा है। दलहन, तिलहन, मक्के और आलू की खरीद के लिए समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। राज्य में बीस कृषि विज्ञान केन्द्रों की स्थापना की गई है। वर्तमान राज्य सरकार द्वारा लम्बे समय से लम्बित सिंचाई परियोजनाओं को पूरा किया गया है। जिनमें बाणसागर, पहुंज बांध, पथरई बांध, पहाड़ी बांध, लहचूरा बांध, गुण्टा बांध रेस्टोरेशन, मौदहा बांध पुनर्स्थापना तथा जमरार बांध परियोजनाएं शामिल हैं। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त किया गया। जिला मुख्यालयों पर चौबीस,तहसीलों में बीस तथा गांवों में अठारह से बीस घण्टे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा, एक लाख अठत्तर हजार मजरों का विद्युतीकरण किया गया है। आठ लाख स्ट्रीट लाइटों को ऊर्जा दक्ष एलईडी लाइटों से बदला गया है। इससे दो सौ अस्सी मिलियन यूनिट बिजली तथा तीन सौ करोड़ रुपये प्रति वर्ष के राजस्व की बचत हो रही है। निराश्रित गोवंश को संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य में गौशालाएं स्थापित की गई हैं। ग्रामीणों और किसानों के लिए निराश्रित गोवंश रखने पर नौ सौ रुपए प्रतिमाह प्रति गोवंश की सहायता भी प्रदान की जा रही है।
गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ जरुरतमन्दों को मिल रहा है। राज्य सरकार द्वारा अभियान चलाकर विभिन्न पेंशन योजनाओं, जिनमें वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजनों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। दिव्यांगजन व वृद्धावस्था पेंशन राशि को बढ़ाया गया है। निराश्रित महिला पेंशन की पात्रता हेतु आयु सीमा समाप्त कर दी गई है। ई पॉस मशीनों के माध्यम से राशन कार्ड धारकों को राशन उपलब्ध कराया जा है। इसके प्रयोग से राज्य सरकार को छह सौ सत्तावन करोड़ रुपये की बचत हुई है। अपात्रों के इस सुविधा से वंचित हो जाने से खाद्यान्न की भी बचत हुई है। जिससे सभी पात्र लाभार्थियों को राशन उपलब्ध कराना सम्भव हो सका है। अब प्रदेश के समस्त नगरीय क्षेत्रों में पोर्टेबिलिटी के माध्यम से राशन दुकान चुनने का अधिकार सभी राशन कार्डधारकों को प्राप्त हो गया है। आगामी अक्टूबर माह से पोर्टेबिलिटी को ग्रामीण क्षेत्रों में भी लागू करने की योजना है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने में उत्तर प्रदेश, देश में प्रथम स्थान पर है। इस योजना के अन्तर्गत प्रदेश में  बारह लाख इक्यासी  हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा, राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री आवास योजना संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से पात्रता के बावजूद किन्हीं कारणों से प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास प्राप्त करने से छूट गए गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से भी पचास हजार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में भी प्रदेश को देश में प्रथम स्थान प्राप्त है। इस योजना के तहत बारह लाख से अधिक परिवारों के लिए  आवास स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में उत्तर प्रदेश, देश में प्रथम स्थान पर है। पिछले लगभग ढाई वर्षों के दौरान प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में शौचालय निर्मित कराए गए हैं। आयुष्मान भारत  के अन्तर्गत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये के चिकित्सा बीमा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इस योजना के अन्तर्गत राज्य के एक करोड़ अठारह लाख परिवार पात्र हैं। आयुष्मान भारत योजना की पात्रता के बावजूद इससे वंचित परिवारों के लिए मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना संचालित की गई है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत समुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना संचालित करने का निर्णय लिया है। शिक्षा की गुणवत्ता पर फोकस है। उच्च शिक्षा में सत्रों को नियमित करने का कार्य किया गया है। अवस्थापना सुविधाओं के विकास को महत्व दिया गया है। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित हुई है। प्रदेश में अड़तालीस नये राजकीय महाविद्यालयों तथा सहारनपुर एवं आजमगढ़ में दो नये राज्य विश्वविद्यालयों की स्थापना की जा रही है। इसके अतिरिक्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनीफॉर्म वितरण, पाठ्य पुस्तक वितरण, जूता मोजा एवं स्वेटर आदि का वितरण किया जा रहा है। तीन सौ इकतालीस किमी लम्बाई वाले लखनऊ से गाजीपुर छह लेन ग्रीन फील्ड पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के निर्माण का कार्य तेजी से गतिमान है। अगस्त दो हजार बीस तक इसके मुख्य मार्ग को आवागमन के लिए खोल देने की योजना है।प्रदेश में पहले में केवल तीन एयरपोर्ट लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर संचालित थे। कानपुर, आगरा और प्रयागराज हवाई अड्डों के कार्यशील होने के पश्चात वर्तमान में छह एयरपोर्ट कार्यशील हैं। प्रदेश में मेट्रो रेल सेवा से तीन शहर जुड़ चुके हैं, जबकि अन्य नगरों में इस सेवा के सम्बन्ध में कार्य चल रहा है। बुन्देलखण्ड क्षेत्र में डिफेंस इण्डस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग कॉरीडोर की स्थापना का कार्य प्रगति पर है। उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट में चार लाख अड़सठ हजार करोड़ रुपये के निवेश के निवेश प्रस्ताव मिले थे। की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई थी। बाँसठ हजार करोड़ रुपये की इक्यासी निवेश परियोजनाओं का पहले प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास किया गया था। इस वर्ष अठ्ठाइस  जुलाई को पैसठ हजार करोड़ रुपये की दो सौ पचास से अधिक निवेश परियोजनाओं का केन्द्रीय गृह मंत्री द्वारा शिलान्यास किया गया है। इस सरकार ने दिमागी बुखार के उन्मूलन के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया है। इसके लिए पूरे प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया गया तथा गोरखपुर और बस्ती मण्डलों के जनपदों सहित प्रदेश के अठारह जनपदों में दस्तक अभियान चलाया गया। इन बीमारियों पर नियंत्रण लगा।नए मेडिकल कॉलेजों और स्पेशियलिटी हॉस्पिटलों की स्थापना की जा रही है।
वृक्षारोपण महाकुम्भ के दौरान राज्य में बाइस करोड़ से ज्यादा पौधे रोपित करने का रिकॉर्ड स्थापित किया गया। एक जनपद, एक उत्पाद योजना लागू की गई है। राज्य सरकार द्वारा विगत दो वर्ष से दीपावली के अवसर पर अयोध्या में सरयू जी के तट पर 'दीपोत्सव' तथा गत वर्ष होली के अवसर पर ब्रज धाम के बरसाना में 'रंगोत्सव' का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रयागराज कुम्भ, पन्द्रहवां प्रवासी भारतीय दिवस तथा लोकतंत्र का महापर्व लोकसभा का आम चुनाव भी सम्पन्न हुआ। इस प्रकार योगी आदित्यनाथ विकास और लोक कल्याण पर बड़ी लकीर खींचने का प्रयास कर रहे है।


 


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

अपनी दाढ़ी का रखें ख्याल, दिखेंगे बेहद हैंडसम