गांधी जी के मार्ग पर चलने के लिए भाजपा को सच्चा होना पड़ेगा : प्रियंका



लखनऊ।

कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को लखनऊ की गांधी संदेश यात्रा में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले सत्य के मार्ग पर चलना होगा, और उसके बाद ही वह महात्मा गांधी जी की बात करे। प्रियंका ने शहीद स्मारक से जीपीओ तक बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ करीब ढाई किलोमीटर की पदयात्रा की और जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस दौरान प्रियंका ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी को गांधी जी के दिखाए सत्य के मार्ग पर चलना है तो पहले उसको सच्चा होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कुछ भी कर ले मगर सत्य के रास्ते पर चलना गांधी जी का आदेश था। भाजपा पहले सत्य के पथ पर चले, फिर गांधी जी की बात करे। प्रियंका ने कहा कि आज महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। जब महिलाएं अत्याचार के खिलाफ लड़ती हैं, संघर्ष करती हैं तो उन्हें दबाया जाता है, उनपर अत्याचार किया जाता है। हम महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।
उधर पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिला प्रशासन ने एक साजिश के तहत प्रियंका को दौरे के लिए बहुत कम समय दिया। इसी वजह से वह पार्टी राज्य मुख्यालय नहीं आ सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने प्रियंका को दोपहर 12 बजे से अपराह्न् 2 बजे तक का ही समय दिया था। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पूरी कोशिश की कि प्रियंका 1.30 बजे तक पार्टी कार्यालय न पहुंच पाएं।




Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

अपनी दाढ़ी का रखें ख्याल, दिखेंगे बेहद हैंडसम