दुष्प्रचार करना पाक की पुरानी आदत, नौसेना ने कहा- नहीं किया सीमा का उल्लघंन


नयी दिल्ली।


भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान के इस दावे को मंगलवार को खारिज कर दिया कि उसने एक भारतीय पनडुब्बी के अपने जल क्षेत्र में घुसने की कोशिश नाकाम कर दी थी। साथ ही, नौसेना ने इसे पाकिस्तान का ‘दुष्प्रचार’ करार दिया है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी नौसेना ने इस्लामाबाद में एक बयान में दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के जल क्षेत्र से भारतीय पनडुब्बी को दूर रखने के लिए विशेष कौशल का उपयोग किया।


भारतीय नौसेना ने कहा, ‘हमने पाकिस्तान को दुष्प्रचार करते और झूठी सूचना फैलाते देखा है। भारतीय नौसेना इस तरह के दुष्प्रचार को संज्ञान में नहीं लेगी। हमारी तैनाती अडिग है।’ नौसेना के एक संक्षिप्त बयान में कहा गया है कि भारतीय नौसेना राष्ट्र के समुद्री हितों की हिफाजत की जरूरत के मुताबिक तैनात रहेगी। पुलवामा आतंकी हमले के बाद परमाणु हथियार संपन्न दोनों देशों के बीच हाल ही में बढ़े तनाव के बाद पाकिस्तान नौसेना ने यह दावा किया है।


पाकिस्तान ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसके जरिए उसने आरोप लगाया है कि एक भारतीय पनडुब्बी पाकिस्तानी जल क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रही है। तस्वीर से जाहिर होता है कि यह फुटेज चार मार्च रात आठ बज कर 35 मिनट पर बनाई गई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कोई भी भारतीय पनडुब्बी पाकिस्तानी जलक्षेत्र के नजदीक नहीं थी और हिंद महासागर में मौजूद सभी बड़ी शक्तियों (देशों) को यह पता है कि कोई भी भारतीय जहाज पाकिस्तानी जल क्षेत्र के आसपास नहीं था।


गौरतलब है कि 1971 के युद्ध के दौरान भारत और पाकिस्तान की नौसेना में भिडंत हुई थी। पाक नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी नौसेना ने पनडुब्बी को रोकने के लिए अपने विशेष कौशल का उपयोग करते हुए उसे पाकिस्तान के जल क्षेत्र से दूर रखा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की शांति की नीति के मद्देनजर भारतीय पनडुब्बियों को निशाना नहीं बनाया गया।’’ उन्होंने कहा कि भारत को अवश्य ही इस घटना से सीख लेनी चाहिए और शांति की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।


अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी नौसेना हमेशा ही अपने जल क्षेत्र की पहरेदारी के लिए तैयार है और वह किसी भी तरह के आक्रमण का मजबूती से जवाब देने में सक्षम है। गौरतलब है कि 14 फरवरी के पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में 26 फरवरी को जैश के आतंकी प्रशिक्षण ठिकाने पर हमला किया था। वहीं, इसके अगले ही दिन पाक वायुसेना ने कश्मीर में भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की।


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

बांसडीह में जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर दर्जनों लोगों ने एसडीएम को सौपा ज्ञापन