नारे लगाते बच्चों ने मोदी के लिए अपशब्द कहा तो प्रियंका बोलीं- अच्छे बच्चे बनो


अमेठी.


केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने एक वीडियो ट्वीट किया है जिसमें कुछ बच्चे प्रियंका गांधी वाड्रा के सामने मोदी विरोधी नारे लगाते हुए दिख रहे हैं। दरअसल, एक बच्चा नारे लगवा रहा है। पहली बार 'चौकीदार चोर है' का नारा लगवाया। इस पर प्रियंका मुस्कुराती रहीं। दूसरी बार बच्चों से मोदी के लिए अपशब्द बुलवाया। इस पर प्रियंका ने बच्चों से कहा- ये वाला नारा अच्छा नहीं लगा। आपको अच्छे बच्चे बनना है। इसके बाद बच्चों ने राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए।


स्मृति ने प्रियंका पर साधा निशाना
स्मृति ईरानी ने प्रियंका पर पलटवार करते हुए ट्वीट किया, "यह अत्यंत अशिष्ट है। आप सोच सकते हैं कि जिनकी शोहरत केवल वंशवाद के चलते है उनसे प्रधानमंत्री को अत्यंत भद्दे शब्द सुनने पड़ते हैं। इस बात पर लुटियंस में गुस्सा दिखाई दिया क्या?"


प्रियंका ने संभाल रखा है अमेठी का मोर्चा
कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को पूर्वांचल की जिम्मेदारी दी है। इस वजह से वह आए दिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रचार-प्रसार के लिए अमेठी का दौरा कर रही हैं। उधर, स्मृति अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। वह 2014 में इस सीट से राहुल से लोकसभा का चुनाव हार चुकी हैं।


रविवार को प्रियंका ने कहा कि पांच साल में स्मृति केवल 16 बार अमेठी आईं। इस पर स्मृति ने कहा कि खुश हूं कि वे अमेठी दौरे के दिनों का हिसाब रख रही हैं। उन्हें (प्रियंका) लोगों को यह भी बताना चाहिए कि 15 साल से अमेठी का सांसद (राहुल गांधी) कहां है?


'चौकीदार चोर है' पर राहुल की तरफ से सिंघवी ने मांगी माफी


सियासी गलियारों में 'चौकीदार चोर है' नारे को लेकर इन दिनों खासा बवाल मचा हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चौकीदार चोर है वाले अपने बयान को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को नया हलफनामा दायर किया। उन्होंने इसमें भी खेद ही जताया है, माफी नहीं मांगी। मंगलवार को राहुल के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने अपने मुवक्किल के बयान के लिए माफी मांगी। राहुल ने हलफनामे में कहा कि राजनीतिक लड़ाई में उनका कोर्ट को घसीटने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी पर अवमानना याचिका के जरिए राजनीति करने का आरोप लगाया था।


 


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

बांसडीह में जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर दर्जनों लोगों ने एसडीएम को सौपा ज्ञापन