अक्षुण लोकतन्त्र और सशक्त, समृद्ध भारत ही राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर को सच्ची श्रद्धांजलि : यशवंत

लखनऊ।


विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह ने कहा है कि अक्षुण लोकतन्त्र एवं सशक्त, समृद्ध भारत का निर्माण ही राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह प्रसन्नता की बात है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश उक्त दिशा में तेजी से अग्रसर है तथा लोकतन्त्र को चुनौती देने वाली ताकतें लुप्त होने की ओर अग्रसर हैं।
राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर की 12वीं पुण्यतिथि पर 8 जुलाई, सोमवार को राजभवन के पास स्थित विश्वसरैया सभागार में आयोजित चन्द्रशेखर और राष्ट्रवाद विषयक संगोष्ठी को लेकर चन्द्रशेखर चबूतरे पर हुई चन्द्रशेखर ट्रस्ट की तैयारी बैठक में विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह ने कहा कि यह कहने में हमें गर्व की अनुभूति होती है कि जब कांग्रेस में इंदिरा इज इंडिया की सोच प्रभावी थी, राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर ने इंदिरा गांधी की तानाशाही प्रवृत्ति को चुनौती दी और आधे भारत में पहली बार कांग्रेस का खाता नहीं खुला। वर्तमान में पूरे देश में कांग्रेस मुक्त भारत की बहस चल रही है।
यशवंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की गिनती दुनियाँ की बड़ी आर्थिक शक्तियों में हो रही है। सर्जिकल स्ट्राइक ने यह प्रमाणित कर दिया है कि अब भारत की ओर आँख दिखाने वालों की खैर नहीं है। उन्होंने कहा कि चन्द्रशेखर अक्सर कहते थे कि जब सत्ता सन्तों से टकराती है तो चूर चूर हो जाती है। आज हम लोग देख रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमन्त्री एक सन्त हैं और निगेटिव ताकतें मिलजुलकर भी उन्हें चुनौती नहीं दे पा रहीं हैं। यह हम लोगों के लिए प्रसन्नता की बात है कि चन्द्रशेखर और राष्ट्रवाद विषयक संगोष्ठी के मुख्य अतिथि सन्त मुख्यमंत्री है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष हृदय नाथ दीक्षित, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, ग्रामीण अभियंत्रण मन्त्री मोती सिंह और समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
यशवंत ने कहा कि अपरान्ह 4 बजे राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पण के साथ संगोष्ठी शुरू होगी। उन्होंने संगोष्ठी में शामिल होने वाले सभी लोगों से अपील की है कि वे समय से विश्वसरैया सभागार में समय से पहुँचकर अपनी कुर्सी ग्रहण कर लें।


 


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

बांसडीह में जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर दर्जनों लोगों ने एसडीएम को सौपा ज्ञापन