सोनभद्र में  पीड़ितों को परेशान कर रहा प्रशासन : प्रियंका


सोनभद्र।


उत्तर प्रदेश की प्रभारी एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मंगलवार को सोनभद्र के उभ्भा गांव पहुंचीं। उन्होंने नरसंहार पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की और कहा कि घटना बहुत बड़ी है, लेकिन इसके बाद भी प्रशासन द्वारा पीड़ितों को परेशान किया जा रहा है। प्रियंका ने यहां एक-एक कर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इसके साथ ही घटना के चश्मदीद रामराज और रामधनी से पूरे घटनाक्रम को जाना। 
प्रियंका ने कहा कि घटना बहुत बड़ी है और प्रशासन पीड़ितों को परेशान कर रहा है। कांग्रेस इसे उच्च सदन में उठाएगी। प्रियंका ने पीड़तों के परिजनों से कहा कि वह हमेशा उनके साथ हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि करीब 80-90 निर्दोष लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। महिलाओं पर भी गुंडा एक्ट लगाया गया है। सरकार अगर मामले में कोई कार्रवाई करना चाहती है तो, जिन पर फर्जी मुकदमे लगाए गए हैं, पहले उन्हें वापस लिया जाए। क्योंकि ये लोग पहले से ही प्रताड़ित हैं। इन पर अत्याचार हुआ है। 
इस दौरान पीड़ित परिवारों ने कहा कि हमारे बच्चों को नौकरी मिले, हमारे ऊपर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। घटना के लिए जिम्मेदार भूर्तिया परिवार को फांसी दी जाए। परिवारों ने कहा कि नरसंहार के बाद इस घटना में कुछ बेकसूर लोगों को पुलिस ने पकड़ा है, जबकि दोषी बाहर घूम रहे हैं। निर्दोष लोगों को छोड़ा जाए। इस पर प्रियंका ने वहां मौजूद कांग्रेस नेताओं से कहा कि वे इसके लिए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से बात करें। इसके बाद प्रियंका ने घायलों से मुलाकात की।


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

बांसडीह में जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर दर्जनों लोगों ने एसडीएम को सौपा ज्ञापन