उ.प्र. भाजपा ने शोकसभा आयोजित कर जेटली को दी श्रद्धांजलि

लखनऊ।


भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर रविवार को शोकसभा आयोजित कर पूर्व केन्द्रीय मंत्री व पार्टी के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली को पार्टी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। 
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने स्व. अरूण जेटली को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश ने एक लोकप्रिय नेता और पार्टी ने अपने सच्चे सिपाही को खोया है। उनके निधन से हुई रिक्तता की भरपाई असम्भव है। प्रदेश अध्यक्ष ने जेटली को राजनीति का अजातशत्रु बताया। शोकसभा में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर स्व. अरूण जेटली को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि जेटली की लोकप्रियता सभी क्षेत्रों में समान रूप से थी। पार्टी के प्रति उनमें पूर्ण समर्पण का भाव था। देश के प्रतिभावान व दूरदर्शी नेता के प्रयाण से भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता स्तब्ध और दुखी है। आपातकाल के समय जेटली जेल में रहे और दमनकारी सरकार के विरूद्ध डटकर संघर्ष किया। जेटली जी का जन्म प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था उनके पिता बडे़ वकील थे, उनका विवाह राजघराने में हुआ। फिर भी उनमें सहजता थी। 
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जेटली के साथ हमें काम करने का सौभाग्य मिला। निचले स्तर पर पार्टी की कोर कमेटियों द्वारा लिये गए किसी भी निर्णय पर अरूण ने कभी कोई आपत्ति नहीं की। उनका मानना था जो भी निर्णय नीचे से होकर आता है उसमें कोई भी अपना-पराया नहीं है। यह उनका संगठनात्मक भाव था। जेटली उत्तर प्रदेश के प्रभारी रहे, उनके लिए जैसी भी व्यवस्था कर दी जाय, उनको कभी कोई आपत्ति नहीं रही। उनका पूरा जीवन देश के सम्मान के लिए समर्पित रहा। हम ईश्वर से प्रार्थना करते है कि ईश्वर श्रद्धेय अरूण को अपने चरणों में स्थान दे और उनके परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
पूर्व संगठन मंत्री जय प्रकाश चतुर्वेदी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अरूण जेटली के निधन से प्रखर वक्ता, कुशल रणनीतिकार, प्रख्यात कानून मर्मज्ञ एवं सहृदय नेता को देश ने खोया है। 
शोकसभा में प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, गोबिन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता, त्रयम्बक त्रिपाठी, अमर पाल मौर्य, प्रदेश सरकार के मंत्री डा. महेन्द्र सिंह, रमापति शास्त्री, मोहसिन रजा, प्रदेश प्रवक्ता डा. मनोज मिश्र, हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, डा. समीर सिंह, मनीष शुक्ला, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, प्रदेश मुख्यालय सहप्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह, अतुल अवस्थी, सत्यप्रकाश, अशोक तिवारी, श्यामनंदन सिंह, डा. अरूण कांत त्रिपाठी, क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रद्युम्न, विधायक सुरेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धेय अरूण जेटली को श्रद्धांजलि अर्पित की।


 


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

बांसडीह में जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर दर्जनों लोगों ने एसडीएम को सौपा ज्ञापन