यूपी में गंगा-यमुना उफान पर, लोग परेशान

लखनऊ।


उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश होने के चलते गंगा और यमुना नदियां उफान पर हैं। प्रदेश के कई स्थानों पर दोनों नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ रही है। कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। प्रयागराज, मथुरा, आगरा में यमुना का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने चेतावनी जारी की है और कहा है कि लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। वहीं वाराणसी और गाजीपुर के आस-पास के क्षेत्रों में गंगा का जलस्तर बढ़ने से लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे हैं।
वृदांवन की खादर से लगे क्षेत्रों में यमुना खतरे के निशान को छू रही हैं। यहां के जयसिंहपुरा, महावन, बलदेव तथा यमुना पार क्षेत्रों में जिला प्रशासन ने लोगों को अलर्ट किया है। मथुरा निवासी महेश ने बताया कि दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण यहां पर बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। उसने कहा कि अगर हाथिन कुंड का पानी छोड़ा गया तो पूरा इलाका डूब जाएगा। इसी कारण जिला प्रशासन ने एहतियातन वृदांवन के निचले क्षेत्रों में रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है।
प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई घाट बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। घाटों से घाटियों और तीर्थ पुरोहितों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को कहा गया है। वहीं गंगा और यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं के स्नान के लिए बैरिकेड लगा दी गई है। घाटों पर जल पुलिस की तैनाती करने के साथ ही जिलाधिकारी कार्यालय में बनाए गए बाढ़ नियंत्रण कक्ष से लगातार बढ़ रहे जल स्तर की देख रेख हो रही है।
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, संगम में दोनों ही नदियों का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। नैनी में यमुना नदी का जलस्तर जहां 77.200 मीटर तक पहुंच गया है। वहीं गंगा नदी का जलस्तर फाफामऊ में 78.390 मीटर और छतनाग में 76.560 मीटर हो गया है। पिछले चौबीस घंटे में दोनों नदियों के जलस्तर में करीब 30 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले तीन दिनों से जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है।
बनारस में गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई घाटों का संपर्क टूट गया है। शुक्रवार रात तक अस्सी से भदैनी व मणिकर्णिका से दशाश्वमेध घाट पानी में डूब गए हैं। ऐसे में लोग गलियों से होकर एक घाट से दूसरे घाट जा रहे हैं। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार इस वर्ष वाराणसी में सर्वाधिक जलस्तर दर्ज किया गया।


 


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

अपनी दाढ़ी का रखें ख्याल, दिखेंगे बेहद हैंडसम