भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विशिष्टजनों से की अनुच्छेद 370 की समाप्ति पर चर्चा, सौंपा साहित्य


लखनऊ।


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गुरूवार को विशेष सम्पर्क अभियान के अन्तर्गत राजधानी लखनऊ में विशिष्ठजनों से भेंट की। श्री सिंह ने विशिष्टजनों से मिलकर पार्टी का साहित्य भेंट करके जम्मूकश्मीर में धारा 370 व 35ए की समाप्ति को लेकर चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की 100 दिन की उपलब्धियों और प्रदेश की योगी सरकार की ढाई साल की उपलब्धियों और उनके द्वारा शुरू की गई लोककल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष ने हाईकोर्ट के सेवानिवृत जज खेमकरन से उनके आवास आशियाना लखनऊ में सम्पर्क किया तथा हाईकोर्ट के सेवानिवृत जज वीरेन्द्र कुमार दीक्षित से उनके आवास विपुल खण्ड गोमतीनगर में जाकर भेंट करके उन्हें साहित्य सौंपा और अनुच्छेद 370 व 35ए की समाप्ति पर चर्चा की। श्री सिंह ने केजीएमयू के सेवानिवृत कुलपति गुरमीत सिंह तथा सेवानिवृत आईएएस आलोक रंजन से भी उनके आवास पर जाकर सम्पर्क किया।
स्वतंत्र देव ने सम्पर्क अभियान के तहत विशिष्टजनों से सम्पर्क करते हुए उन्हें अनुच्छेद 370 एवं 35ए की समाप्ति एवं जम्मूकश्मीर पुनर्गठन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राष्ट्र के नाम संदेश एवं जम्मू कश्मीर संवैधानिक संकल्प व पुनर्गठन विधेयक पर संसद में गृहमंत्री माननीय अमित शाह जी का वक्तव्य कमल संदेश के राष्ट्रीय अखण्डता विशेषांक के रूप में भेंट किया। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 का इतिहास व अनुच्छेद 370 की समाप्ति को लेकर पार्टी का संकल्प एक देश एक संविधान नामक पुस्तक के रूप में भेंट की।  
अध्यक्ष ने विशिष्टजनों से भेंट करते हुए कहा कि एक राष्ट्र के इतिहास में ऐसे विरले ही क्षण होते है जब एक अद्भुत निर्णय से उसका प्रारब्द्ध तय होता है और भविष्य के प्रति एक आशा और विश्वास का संचार होता है जिसमें अनेक सफलताओं एवं उपलब्धियों की गाथा लिखी जाती है। अनुच्छेद 370 व 35ए की समाप्ति तथा जम्मूकश्मीर का पुनर्गठन भारत के इतिहास में एक ऐसा ही अद्भुत निर्णय है। इस निर्णय का समस्त राष्ट्र को दशको से इन्तजार था। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए अत्यधिक दृढ़ राजनैतिक इच्छाशक्ति तथा एक ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता थी जो आत्मविश्वास एवं दृढ़ निश्चय से परिपूर्ण हो। आत्मविश्वास और दृढ निश्चय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर संवैधानिक संकल्प को संसद में पारित करके एक भारत श्रेष्ठ भारत का संकल्प पूरा किया है, जिसका उत्सव पूरा देश मना रहा है। नव अरूणोदय के साथ जम्मूकश्मीर में भी अब गरीबों, अनुसूचितो, वंचितों, शोषितों को केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा और उनका जीवन स्तर ऊपर उठेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ सम्पर्क अभियान के प्रदेश सहसंयोजक एवं उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त निगम के अध्यक्ष लाल जी निर्मल, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, क्षेत्रीय संयोजक सम्पर्क अभियान अतुल दीक्षित भी सम्पर्क अभियान के दौरान साथ रहे।


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

बांसडीह में जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर दर्जनों लोगों ने एसडीएम को सौपा ज्ञापन