मुलायम-अखिलेश ने डॉ0 राममनोहर लोहिया को दी श्रद्धांजलि


लखनऊ।

समाजवादी आंदोलन के महानायक डॉ0 राममनोहर लोहिया की 52वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को राजधानी लखनऊ में चौक तथा लोहिया संस्थान स्थित डॉ0 राममनोहर लोहिया जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य कार्यक्रम डॉ0 राममनोहर लोहिया पार्क, गोमतीनगर लखनऊ में सम्पन्न हुआ जिसमें डॉ0 लोहिया की आदमकद प्रतिमा पर पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर डॉ0 ऊषा किरण एवं आरएस यादव द्वारा सम्पादित 'डॉ0 लोहिया और समाजवाद' पुस्तक का विमोचन भी अखिलेश यादव के द्वारा किया गया।  
इस अवसर पर अखिलेश ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज का दिन समाजवादियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। डॉ0 लोहिया ने भेदभाव मिटाने का जो सपना देखा था उसे हम सच करेंगे। उनकी सप्तक्रांति की विचारधारा से ही देश में खुशहाली आएगी। आज देश में गांधीजी, डॉ0 राममनोहर लोहिया और डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के बताए रास्ते और सिद्धांतो पर चलकर समाज में खुशहाली लाई जा सकती है। हम उनके सिद्धांतो और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हैं। श्री यादव ने कहा समाजवादी पार्टी हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ती रही हैं। आज देश की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। किसान दुःखी है, नौजवान परेशान है। बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। मंहगाई से आम जनता त्रस्त है।
अखिलेश ने कहा कि यूपी में कोई भी सुरक्षित नहीं है। किसी की भी हत्या हो सकती हैं। कहीं पर पुलिस हत्या कर दे रही है तो कहीं लूट के बहाने हत्या हो रही है या फिर पीट-पीट कर हत्या हो रही है। अब लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक होना पड़ेगा। भाजपा सरकार ने प्रदेश को पूरी तरह से अराजकता में ढकेल दिया है।
श्री यादव ने पुष्पेन्द्र यादव के एनकाउण्टर को हत्या बताते हुए कहा कि पुलिस को बताना चाहिए कि पुष्पेन्द्र की मौत कहां हुई। गाड़ी की सीट पर खून था, उसे जिंदा रहते मारा गया या मृत होने पर गोली मारी गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री जी गोरखपुर में थे तभी वहां जेल में कैदियों ने हंगामा कर दिया। 8 घंटे तक यह हंगामा चला। अब जेल में भी अन्याय हो रहा है।
अखिलेश ने कहा कि बुन्देलखण्ड में सूखा से किसान परेशान था फिर बारिश का कहर आ गया। फसलें चौपट हो गई है। उड़द-मूंग की फसल खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि हम दीवाली मनाने जा रहे हैं। बाजार चीनी पटाखों और झालरों से पटा है। जब चीन से सब कुछ आएगा तो मेक इन इण्डिया का क्या होगा? श्री यादव ने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है। उसने सभी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। डॉ0 लोहिया ने भारत की आजादी के संघर्ष में और स्वतंत्र भारत में जनसमस्याओं को लेकर चलाए आंदोलनों के दौरान काफी यातनाएं सहन की थी। स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों को स्थापित करने के लिए वे जीवनपर्यन्त संघर्षशील रहे।



Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

अपनी दाढ़ी का रखें ख्याल, दिखेंगे बेहद हैंडसम