उपचुनाव  परिणाम: भाजपा ने 08 तो सपा ने 03 सीटे जीतीं

बसपा और कांग्रेस का नहीं खुला खाता
लखनऊ।


उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम गुरूवार को घोषित हो गए हैं। इसमें भाजपा ने 08 और सपा ने 03 सीटों पर जीत दर्ज की है। समाजवादी पार्टी ने रामपुर के अलावा जलालपुर और जैदपुर पर सीट जीतकर अपने विधायकों की संख्या को बढ़ाया है। खास बात यह है कि इस उपचुनाव में बसपा और कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला है। भाजपा लखनऊ कैंट, गोविन्दनगर मनिकपुर, बलहा, इगलास, गंगोह, घोसी और प्रतापगढ़ पर भाजपा की सहयोगी अपना दल जीतने में कामयाब रही।
समाजवादी पार्टी रामपुर में आजम का गढ़ बचाने में कामयाब रही तो अंबेडकरनगर के जलालपुर और बाराबंकी के जैदपुर में सपा ने जीत के झंडे गाड़े। अम्बेडकरनगर की जलालपुर सीट पर सपा के सुभाष राय ने अंतिम चरण की मतगणना में बसपा की डा. छाया वर्मा को पटखनी दे दी। भाजपा को जैदपुर की सीट गंवानी पड़ी, जबकि सपा ने जलालपुर सीट को बसपा से छीन ली है।
उपचुनाव में भाजपा के सुरेश तिवारी ने सपा के मेजर आशीष चतुर्वेदी को 35,423 वोट से हराया। कानपुर की गोविन्द नगर विधानसभा से भाजपा के सुरेंद्र मैथानी बीस हजार वोटों से जीत गए हैं। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी करिश्मा ठाकुर को शिकस्त दी है।
गंगोह में भाजपा के चैधरी कीरत सिंह ने कांग्रेस के नोमान मसूद को 5419 वोट से हराया। बलहा से भाजपा की सरोज सोनकर ने सपा की किरण भारती को 46487 वोट से मात दी। इगलास भाजपा के राजकुमार सहयोगी ने बसपा के अभय कुमार को 25937 वोट से शिकस्त दी। घोसी से भाजपा के विजय कुमार राजभर ने सुधाकर सिंह (निर्दलीय) को 1773 वोट से तो मानिकपुर में भाजपा के आनंद शुक्ला ने सपा के डा. निर्भय सिंह पटेल को 12840 वोट से हराया। प्रतापगढ़ से अपना दल एवं भाजपा के राजकुमार पाल ने कांग्रेस के नीरज त्रिपाठी को 29721 वोट से पटखनी दी।
रामपुर में सपा प्रत्याशी डा. तंजीन फातिमा ने भारतीय जनता के पार्टी के प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता को 7589 मतों से तो जैदपुर में सपा के गौरव रावत ने भाजपा के अम्बरीश रावत को 4165 वोट से हराया। अम्बेडकर नगर में बसपा की परंपरागत सीट पर सपा के सुभाष राय ने बसपा की छाया वर्मा को 790 वोट से हराया।


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

बांसडीह में जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर दर्जनों लोगों ने एसडीएम को सौपा ज्ञापन