नागपुर पुलिस ने फडणवीस को समन भेजा


चुनावी हलफनामे में 2 आपराधिक मामले छिपाने का आरोप
नागपुर


महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को नागपुर पुलिस ने गुरुवार को समन भेजा। नागपुर की अदालत ने 4 नवंबर को फडणवीस को समन जारी किया था। पूर्व मुख्यमंत्री पर चुनावी हलफनामे में दो आपराधिक मामले छिपाने का आरोप है। वकील सतीश उके ने फडणवीस के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करने की मांग करते हुए याचिका दायर की थी।


सतीश की याचिका को निचली अदालत ने खारिज कर दिया था। बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी इस फैसले को बरकरार रखा था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 1 अक्टूबर को मजिस्ट्रेट कोर्ट को याचिका पर कार्रवाई करने का आदेश दिया था।


इस बीच, फडणवीस ने दक्षिण मुंबई में स्थित मुख्यमंत्री आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने परिवार समेत मुंबई में ही रहने का फैसला किया है। फडणवीस की पत्नी अमृता एक्सिस बैंक में सीनियर एग्जीक्यूटिव हैं। उनकी बेटी भी मुंबई में ही पढ़ रही है। फडणवीस 2014 में मुख्यमंत्री बनने के बाद परिवार समेत मुंबई शिफ्ट हुए थे।


नागपुर से विधायक हैं फडणवीस
फडणवीस के खिलाफ 1996 और 1998 में धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले दर्ज किए गए थे। दोनों मामलों में आरोप तय नहीं हुए। फडणवीस नागपुर से विधायक हैं। उन्होंने 23 नवंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राकांपा-शिवसेना-कांग्रेस की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने बहुमत साबित करने के आदेश दिया। शपथ लेने के 80 घंटे बाद फडणवीस ने इस्तीफा दे दिया।


Popular posts from this blog

भारत विदेश नीति के कारण वैश्विक शक्ति बनेगा।

स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन ऋण वितरण मेले का किया गया आयोजन

बांसडीह में जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर दर्जनों लोगों ने एसडीएम को सौपा ज्ञापन